
क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना को फिर निशाना बनाया है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने शुक्रवार को प्रांत के जियारत और सुराब जिलों में पाकिस्तानी बलों को निशाना बनाकर किए गए दो हमलों की जिम्मेदारी ली। इन हमलों में 25 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने एक बयान में कहा कि लड़ाकों ने जियारत क्रॉस पर पाकिस्तानी सैन्य काफिले के चार वाहनों पर हमला। इनमें से एक सैन्य ट्रक समेत दो वाहन तबाह हो गए और 18 सैनिक मारे गए।



हमले में घायल पांच सैनिक किसी तरह बचकर निकल गए और काफिले से हथियार जब्त कर लिए गए। बीएलए का फतेह स्क्वाड भी हमले में शामिल रहा। बीएलए के मीडिया आउटलेट हक्काल ने जियारत क्रास पर किए गए हमले का एक मिनट और 11 सेकेंड का एक वीडियो भी जारी किया है। इस फुटेज में सशस्त्र लड़ाके पाकिस्तानी सैन्य वाहनों के पास खड़े नजर आ रहे हैं, जो आग में जल रहे हैं, जबकि कई शव और हथियार भी देखे जा सकते हैं।
बीएलए प्रवक्ता के बयान में सुराब के हाजिका इलाके में एक अन्य हमले की भी जानकारी दी गई। यहां बीएलए के स्पेशल टैक्टिकल आपरेशन स्क्वाड ने विस्फोटक लदे वाहन को रिमोट के माध्यम से उड़ा दिया, जिससे एक सैन्य वाहन के परखचे उड़ गए और सात सैनिक मारे गए।
उल्लेखनीय है कि बलूचिस्तान में बीएलए ने पाकिस्तानी सेना और पुलिस के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। बीएलए ने पिछले महीने प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में पाकिस्तानी बलों के खिलाफ 36 अभियानों की जिम्मेदारी ली थी। इन हमलों में 33 जवान मारे गए थे।

