
तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की एयरोस्पेस फोर्स ने एक नए भूमिगत मिसाइल सिटी का अनावरण किया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, इस भूमिगत ठिकाने में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ उनके प्रक्षेपण तंत्र भी रखे गए हैं। समाचार एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट के अनुसार, इस सुविधा के अनावरण के दौरान ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ आॅफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दोल्लाही और आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल माजिद मूसवी मौजूद रहे। हालांकि, रिपोर्ट में इस भूमिगत ठिकाने के स्थान और वहां मौजूद मिसाइलों की संख्या का खुलासा नहीं किया गया है। आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी ने हाल ही में कहा था कि मिसाइलों और ड्रोन के निर्माण से जुड़ी सभी सुविधाओं को भूमिगत किया जाएगा।




