
रांची,। आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने बुधवार को रांची में कहा कि निशा भगत को बहुत कम उम्र में उत्पीड़न के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। विजया राहटकर कहा कि आयोग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि आयोग ने झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले की तत्काल जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।



विजया राहटकर ने कहा कि आयोग ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से यह जानकारी मांगी है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण निशा भगत को अपनी जान गंवानी पड़ी। अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है और इसके लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं, इसकी भी पूरी जानकारी मांगी गई है। आयोग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम रांची के बाद गुमला भी पहुंची, जहां निशा भगत के माता-पिता से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली गई। इस दौरान परिजनों ने अपनी बेटी के साथ हुई घटनाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए और न्याय की मांग की। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना गया है। आयोग आगे होने वाली कार्रवाई पर लगातार नजर रखेगा।
विजया राहटकर ने झारखंड के अधिकारियों के रवैये पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गुमला दौरे के दौरान वहां के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं, रांची में भी आयोग की ओर से अधिकारियों के साथ बैठक निर्धारित की गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने मुलाकात के लिए समय नहीं दिया। उन्होंने बताया कि डीजीपी से मिलने का भी प्रयास किया गया, लेकिन उनके साथ भी बैठक नहीं हो पाई।

