
रांची। छठ महापर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब और पावर हाउस तालाब में तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलस्तर और गहराई को ध्यान में रखते हुए तीन फीट से अधिक गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग की जाए। खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक किया जाए।



उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अत्यधिक संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। घाटों पर गोताखोरों, बचाव दल और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को समतल करने, पर्याप्त रोशनी और बिजली की व्यवस्था करने तथा साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके अलावा प्रशासनिक और पुलिस बल की तैनाती के साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी यातायात राकेश सिंह, एसडीओ कुमार रजत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे।

