
नई दिल्ली। बाबरी ढांचे को गिरते हुए देखकर आंखों में आंसू आने के सोनिया गांधी के दावे पर भाजपा ने सवाल उठाया है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जब छह दिसंबर 1992 को अयोध्या से लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था ही नहीं थी, तो सोनिया गांधी ने इसे कैसे देख लिए, जिससे उनके आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीवाली को खुशियों वाली ईद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के दीवाली को प्रदूषण से जोड़ते हुए मानव जनित रोग बताने और सोनिया गांधी को बयान तीनों को एक सुव्यवस्थित भारत विरोधी और हिंदू विरोधी सोच का प्रमाण बताया। वहीं अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को उन्होंने भारतीय समाज की एकता के सामने विवश होना बताया।



सुधांशु त्रिवेदी के अनुसार सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण “बीलॉन्गिंग: ए जर्नी आॅफ लव” के आने के पहले एक इंटरव्यू में बाबरी ढांचे के गिरते हुए देखकर आंखों में आंसू आने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि इस अयोध्या में अपलिंकिंग की कोई सुविधा ही नहीं थी, फिर लाइव टेलीकास्ट कैसे हो गया और सोनिया गांधी ने इसे कैसे देख लिया। सोनिया गांधी, खरगे और मसूद के बयान को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी वोट हासिल करने की चाहत और छटपटाहट में कांग्रेस किसी भी सीमा तक जाकर हिंदू धर्म का अपमान करने के लिए तैयार है।
सुधांशु त्रिवेदी ने सपा नेता सनातन पांडे के कारसेवकों पर गोली चलाने को सही ठहराने और अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के परस्पर विरोधी बयानों को विधानसभा चुनाव के पहले जनता को बरगलाने कोशिश बताया। त्रिवेदी कहा कि लेकिन जनता उनकी असली मंशा भलीभांति समझ रही है।
अयोध्या में सपा के शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दरअसल हमारी विचारधारा और भारतीय समाज की एकता ने अखिलेश यादव को वहां जाने के लिए विवश कर दिया है। उन्होंने कहा कि तीन दशक पहले “मिले मुलायम-काशीराम, हवा में उड़ गए जय श्री राम” का नारा लगा था, लेकिन अब हालात पूरी तरह से बदल गए हैं, सभी “जय श्री राम” का नारा लगाने को विवश हो रहे हैं।

