
पटना।वैलेंटाइन डे पहले पटना में कई जगहों पर एक पोस्टर नजर आ रहा है। इन पोस्टरों की हेडिंग है- जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना। इन पोस्टरों के जरिए एक तरह से प्रेमी जोड़ों को 14 फरवरी से पहले ही चेतावनी दे दी गई है। मैसेज क्लियर है कि अगर पार्क या रेस्तरां में प्यार का इजहार करते पाए गए तो वहीं पिटाई की जाएगी। वैलेंटाइन डे से पहले, पटना में हिंदू शिवभवानी सेना के नाम से ये पोस्टर कई जगह दिखे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस अवसर को हिंदू संस्कृति के विपरीत बताते हुए जोड़ों को चेतावनी जारी की गई है। इसी तरह के पोस्टर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दिए हैं।
पटना की सड़कों पर लगे पोस्टरों पर संदेश लिखा था, ‘जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना।’ इस पोस्टर में हिंदू शिवभवानी सेना की तरफ से कहा गया है कि वैलेंटाइन डे अश्लीलता और लव जिहाद को बढ़ावा देता है और भारतीय संस्कृति के खिलाफ है।
हिंदू शिवभवानी सेना ने अनुसार चॉकलेट डे से शुरू होकर वैलेंटाइन डे तक जाने वाला ये हफ्ता भारत के सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है। हिंदू शिवभवानी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर पटना में इस तरह की अश्लीलता, नग्नता, धर्म परिवर्तन और प्रेम जिहाद जैसी घटनाएं होती हैं, तो उसके सदस्य लाठी-डंडों से कार्रवाई करके सबक सिखाएंगे। संगठन ने यह भी कहा कि उसकी टीमें दिन भर जोड़ों पर कड़ी नजर रखेंगी।
पोस्टर में पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि देने का आग्रह
पोस्टर में लोगों से शहीदों को श्रद्धांजलि देने का भी आग्रह किया गया था, जिसमें यह बताया गया था कि पुलवामा हमला वैलेंटाइन डे पर हुआ था, और इस दिन का सदुपयोग कम से कम उन सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए किया जाना चाहिए जिन्होंने आतंकी हमले में शहादत दे दी।
