पटना। बिहार के हर जिले में औद्योगिक इकाई का चुनावी वादा पूरा करने में नीतीश सरकार का काम शुरू हो गया है। श्याम स्टील गयाजी के प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर स्टील का कारखाना लगाएगा। कंपनी की ओर से इस संबंध में राज्य सरकार को प्रस्ताव दिया गया है। इसके तहत कंपनी ने राज्य में पांच हजार करोड़ रुपये का निवेश करने पर सहमति जताई है। यह यूनिट लगने से राज्य में हजारों की संख्या में नौकरी और रोजगार के साथ राज्य में स्टील प्रोडक्शन में बढ़ोतरी होगी। सरकार अगले पांच सालों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

यह जानकारी गुरुवार को उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि कंपनी गया-डोभी रोड स्थित प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे में एक अत्याधुनिक स्टील कारखाना स्थापित करेगी। उद्योग मंत्री ने बताया कि श्याम स्टील इस परियोजना के तहत 10 लाख टन सालाना क्षमता की स्टील विनिर्माण इकाई लगाएगी। इस परियोजना से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ लगभग आठ हजार लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।

इधर राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा है कि बिहार में उद्योग लगाने में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। वे गुरुवार को उद्योग वार्ता के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर रहे थे। उन्होंने संबंधित विभागों को भुगतान और उद्योग स्थापना से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आदेश दिया।मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार के औद्योगीकरण को गति देने और निवेशकों की राह आसान करने के उद्देश्य से उनके साथ सीधा संवाद किया जाता है। राज्य सरकार बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्पित है। बाहरी निवेशकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बैठक पटना एयरपोर्ट के समीप आयोजित की गई थी। बैठक में कुल 14 निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने ए-आई आॅक्सीजन प्लांट, चीनी मिल और वित्त आदि से संबंधित अपने प्रस्ताव और समस्याएं रखीं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version