
रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है और इस प्रयास में विपक्ष से भी सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि राज्य में किडनी और लिवर प्रत्यारोपण कराने वाले मरीजों को विशेष पैकेज दिया जाएगा। मंत्री ने यह बातें गुरूवार को एमएस मेमोरियल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (आलम हॉस्पिटल यूनिट) का उद्घाटन करते हुए कही।
मौके पर मंत्री अंसारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है। रिम्स-2 परियोजना का विरोध और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रस्तावित अवसंरचना विकास में अवरोध है जो राज्य के विकास के लिए चिंता का विषय है।
विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है और रिम्स-2 राज्य की जरूरत है। वहीं मौके पर अस्पताल के सीईओ डॉ मजीद आलम ने कहा कि एमएस मेमोरियल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उपलब्ध सुविधाओं में झारखंड की पहली रोबोटिक सर्जरी सुविधा, 150-बेड की क्षमता, 4 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 8000 वर्गफुट का आईसीयू, तथा 20-बेड का एनआईसीयू शामिल है। इस अवसर पर यूरोलॉजिस्ट डॉ तनवीर आलम, न्यूरोसर्जन डॉ एसएमक्यू ज़मान सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद थे।
