
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सत्र में शामिल होने वाले मंत्रियों, विधायकों को उनके क्षेत्र से विधानसभा आने-जाने के दौरान अपराधी या माओवादी निशाना बना सकते हैं। ऐसी स्थिति में उनकी सुरक्षा पुख्ता करें, गश्त तेज करें। पुलिस मुख्यालय ने 11 फरवरी को इससे संबंधित अलर्ट जारी कर दिया है।
अलर्ट के अनुसार, 18 फरवरी से 19 मार्च तक झारखंड विधानसभा का बजट सत्र प्रस्तावित है। इस सत्र में शामिल होने के लिए विधानसभा सदस्य व मंत्री अपने-अपने क्षेत्र से 17 या 18 फरवरी रांची स्थित विधानसभा पहुंचेंगे या बंदी के दिन वापस अपने क्षेत्र में जा सकते हैं।
पूर्व में घटित उग्रवादी घटनाओं के आलोक में उनके आने-जाने के दौरान अपराधी या माओवादी उन्हें निशाना बना सकते हैं। पूर्व से खतरनाक चिह्नित स्थलों पर सदस्यों, मंत्रियों को लक्षित किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से आइजी अभियान ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को इसके मद्देनजर सतर्क किया है। उन्हें मंत्रियों, विधायकों के आने-जाने वाले रास्ते, पूर्व से चिह्नित संवेदनशील व खतरनाक क्षेत्रों, सड़क व रेल मार्गों पर समुचित संख्या में गश्ती-दल की प्रतिनियुक्ति कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने को कहा गया है।

