
रांची। रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने के बाद अब रांची के कचहरी चौक स्थित समाहरणालय भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद गुरुवार को रांची पुलिस की ओर से एहतियातन पूरे समाहरणालय की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) से जांच करवाई जा रही है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से मिली है।
सिविल कोर्ट की तरह ही इस बार भी धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है। ईमेल में लिखा गया है कि समाहरणालय को सल्फर नाइट्रेट बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर आ गई है और तुरंत बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाकर जांच शुरू की गई है। रांची कोतवाली के डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले छह फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद लगातार दो दिनों तक झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने पूरे कोर्ट कैंपस की तलाशी ली थी। जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते को कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। सिविल कोर्ट के बाद अब रांची समाहरणालय को उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसकी जांच जारी है।

