रामगढ़। लगातार 48 घंटे से हो रही बारिश की वजह से रामगढ़ जिले की विभिन्न नदियों में बाढ़ आ गई है। दामोदर नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। शहर के मुक्तिधाम तक दामोदर नदी का पानी घुस चुका है। गोलपार, पुरनी मंडप, बगीचा, कोयरी टोला, गढ़बांध के अलावा पतरातू, उरीमारी, सयाल, भुरकुंडा, भदानी नगर, रजरप्पा, गोला क्षेत्र में भी नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। भैरवी नदी में भी जलस्तर काफी बढ़ गया है। कई इलाकों में पानी घुसने की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।

रामगढ़ एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने इस विकट स्थिति को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों से नदियों की तरफ नहीं जाने की अपील की गई है। पशुपालकों को भी नदी से दूर रहने को कहा गया है। कुछ स्थानों पर पशुपालक अपने मवेशी नदी के किनारे ही बांधे हुए हैं, जिन्हें हटाने का निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसी उम्मीद है कि अगले 48 घंटे भी लगातार बारिश होती रहेगी।

एसडीओ ने बताया कि पहले ही शैक्षणिक संस्थाओं को बंद करने का निर्देश दिया जा चुका है। आम नागरिक भी अगर काम ना हो तो घर से बाहर ना निकले। उन्होंने बताया कि अभी तक पतरातू डैम में पानी खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है। लेकिन वहां भी भारी मात्रा में पानी स्टोर हो गया है। अगर डैम में पानी खतरे के निशान के ऊपर पहुंचता है, तो फाटक भी खोले जाने की संभावना है। इसलिए पहले से ही आम नागरिक नदियों से दूर रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version