
हाजीपुर। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात्रि नाव हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें अधिकतर बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज था। एक छोटी नाव पर करीब 20 से 25 लोग सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के उस पार जा रहे थे। इसी दौरान बीच ढाब में नाव डूब गई। नाव डूबने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की खबर मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया। रामपुर श्यामचंद में नाव हादसे के बाद स्थानीय लोग पानी में डूबे लोगों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचे। बताया गया है कि 17 बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की जांच के बाद 13 को मृत घोषित कर दिया गया। तीन बच्चों को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जबकि एक की स्थिति ठीक बताई गई है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही और पूरा परिसर स्थानीय लोगों की भीड़ से भर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना से पूरे राघोपुर प्रखंड में मातम छा गया। विभिन्न गांवों से लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं घटनास्थल पर पहुंचने लगे। पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी है।
सीएम ने किया आर्थिक सहायता का एलान: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। राघोपुर के रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए नाव हादसे के बाद मौके पर पहुंची वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटना को लेकर मीडिया को जानकारी दी। डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि देखिए, बहुत ही दुखद घटना है, साढ़े आठ बजे ये घटना हुई है। सूचना मिली कि एक नाव है जिसमें से 20 बच्चे जा रहे थे, बगल के गांव में भोज खाने के लिए जा रहे थे और उसी क्रम में नाव पलट गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल सात लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जो कि एनएमसीएच भेजे गए हैं। इसके अतिरिक्त यहां पर जो लोग हैं वो सभी बच्चे हैं, 15 साल के लगभग बताया गया जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया है।
पीएम मोदी ने शोक जताया, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है। पीएमओ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी।

