
रांची । दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची नगर निगम ने विशेष इंतजाम किये हैं। श्रद्धालुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए 16 अक्टूबर से पांच रूटों पर सिटी बसों का निःशुल्क संचालन किया जायेगा. इसके अलावा निगम के 10 आश्रयगृहों में श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गयी है. पूजा के दौरान शहर के सुलभ शौचालय भी 24 घंटे खुले रहेंगे। श्रद्धालु इनका इस्तेमाल निःशुल्क कर सकेंगे।
पांच रूटों पर चलेंगी सिटी बसें : दुर्गा पूजा के दौरान रांची नगर निगम पांच रूटों पर सिटी बसों का संचालन करेगा. इनमें गोंदलीपोखर से रांची, तुपुदाना से रांची, कांके से रांची, ओरमांझी से रांची और पंडरा रोड में रिंग रोड से रांची के बीच का रूट शामिल है। इस व्यवस्था से शहर के अलग-अलग इलाकों से आनेवाले श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। निःशुल्क बस सेवा मिलने से लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी. साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से सड़कों पर यातायात का दबाव घटाने में भी मदद मिल सकती है.
10 आश्रयगृहों में मुफ्त रात्रि विश्राम : दुर्गा पूजा के दौरान दूसरे क्षेत्रों से रांची आनेवाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए नगर निगम के 10 आश्रयगृहों में निःशुल्क रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गयी है। इससे रात में शहर में रुकनेवाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी. इसके साथ ही निगम ने शहर के सुलभ शौचालयों को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है ।श्रद्धालु इन शौचालयों का इस्तेमाल बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे।
24 घंटे काम करेगा नगर निगम का कंट्रोल रूम : पूजा के दौरान नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा. पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और अन्य नगर निगम सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के लिए लोग हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे. कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायतों पर कार्रवाई करने की व्यवस्था रहेगी।
175 पूजा पंडालों की सफाई में लगेंगे 1200 कर्मी : दुर्गा पूजा के दौरान शहर के 175 पूजा पंडालों के आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 1200 सफाईकर्मियों की तैनाती की गयी है. प्रत्येक पूजा पंडाल के लिए अलग-अलग समर्पित टीम बनायी गयी है. ये टीमें संबंधित पंडालों के आसपास साफ-सफाई का ध्यान रखेंगी। नगर निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य पूजा के दौरान शहर में स्वच्छता बनाये रखना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

