
नई दिल्ली: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने बुधवार को 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है। अदालत ने सीबीआई की ओर से लगाए गए आरोपों के साथ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत भी आरोप तय किए हैं। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। वहीं, मामले में 25 नवंबर से प्रतिदिन सुनवाई के साथ ट्रायल शुरू होगा।



अदालत ने जिन आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं, उनमें यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवालदार शामिल हैं।
सीबीआई ने दाखिल की 20 हजार पन्नों की चार्जशीट
इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने करीब 20 हजार पन्नों का आरोप-पत्र दाखिल किया है। एजेंसी ने जुलाई में अपनी पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिस पर राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने 12 अगस्त को संज्ञान लिया था।
सीबीआई ने आरोप-पत्र में दावा किया है कि तीन विषय विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिल्ली कार्यालय के गोपनीय अनुभाग से नीट परीक्षा के प्रश्नों को अलग-अलग तरीकों से बाहर निकाला था। जांच में सामने आया कि गोपनीय अनुभाग से बाहर निकलते समय विशेषज्ञों की तलाशी नहीं ली जाती थी, जिसका कथित तौर पर आरोपियों ने फायदा उठाया।
NTA कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
सीबीआई के अनुसार, एनटीए के गोपनीय अनुभाग में प्रवेश और निकास के दौरान विशेषज्ञों की जांच या तलाशी की कोई निर्धारित व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा, कार्यालय में समर्पित सीसीटीवी लाइव-फीड निगरानी नियंत्रण कक्ष भी मौजूद नहीं था। इसके कारण गोपनीय हॉल में विशेषज्ञों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पाई।
पर्चियों और याद करके बाहर निकाले गए थे सवाल
सीबीआई ने चार्जशीट में आरोप लगाया है कि एक आरोपी ने परीक्षा के प्रश्नों को कागज की छोटी पर्चियों पर लिखकर बाहर पहुंचाया, जबकि दो अन्य आरोपियों ने प्रश्नों को याद कर लिया। इसके बाद होटल के कमरों में जाकर उन्होंने सवालों को लिखने या पाठ्यपुस्तकों में संबंधित विषयों को चिह्नित करने का काम किया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, अनुवाद और पुनः अनुवाद के दौरान विशेषज्ञों को रफ कार्य के लिए गोपनीय अनुभाग में सादे कागज उपलब्ध कराए गए थे। आरोप है कि पी.वी. कुलकर्णी ने इन्हीं कागजों का इस्तेमाल कर रसायन विज्ञान के सभी 135 प्रश्नों और उनके उत्तर विकल्पों को संक्षिप्त रूप में लिख लिया था।
बायोलॉजी के प्रश्नों को लेकर भी सीबीआई का दावा
सीबीआई ने आरोप-पत्र में यह भी दावा किया है कि बायोलॉजी के बॉटनी और जूलॉजी से संबंधित दस्तावेज तेजस दभाड़े ने 20 और 21 अप्रैल 2026 को तैयार किए थे। इसके लिए स्नेहांजलि देशमुख और दीया शिंदे के नोट्स की फोटोकॉपी का इस्तेमाल किया गया था।
जांच एजेंसी के अनुसार, ये नोट्स मनीषा संजय वाघमारे ने धनंजय लोखंडे के माध्यम से सत्यजीत सोलंकी और तेजस दभाड़े तक पहुंचाए थे।
अब अदालत ने मामले में आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। 21 नवंबर को आरोपियों की पेशी के बाद औपचारिक रूप से आरोप तय किए जाएंगे और 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई शुरू होगी। इस मामले में सीबीआई की जांच और अदालत की आगामी कार्यवाही पर सभी की नजरें टिकी हैं।

