
पटना: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठ महापर्व के समापन के बाद शादी समारोह की व्यवस्थाओं को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में देश के अलग-अलग राज्यों से कई VVIP मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। कुछ मेहमान हेलीकॉप्टर से भी पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए अनंत सिंह के पैतृक गांव में पांच हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं।



10 बीघे में बनेगा भव्य एयरकंडीशन्ड पंडाल
शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघे जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसकी खास बात यह है कि मुख्य पंडाल को ताजमहल की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जबकि दूसरा पंडाल लाल किले की थीम पर तैयार हो रहा है। पूरा पंडाल एयरकंडीशन्ड और वाटरप्रूफ होगा, ताकि मेहमानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पंडाल निर्माण में कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। खुद अनंत सिंह और उनके तीनों बेटे तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वे अलग-अलग व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित लोगों को जरूरी निर्देश भी दे रहे हैं।
VVIP मेहमानों के लिए होगी खास व्यवस्था
शादी समारोह में अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए कई स्टेज बनाए जा रहे हैं। वहीं, VVIP मेहमानों के लिए विशेष पंडाल की व्यवस्था की जा रही है। सजावट में विदेशी फूलों का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा महंगी क्रॉकरी और विशेष डाइनिंग सेटअप भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पूरे आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
150 तरह के पकवान से सजेगी शाही दावत
इस शादी का सबसे बड़ा आकर्षण मेहमानों के लिए तैयार किया जा रहा शाही भोजन होगा। जानकारी के मुताबिक, समारोह में करीब 150 तरह के पकवान परोसे जाएंगे। लगभग चार लाख मेहमानों के भोजन की व्यवस्था के लिए कई बड़े-बड़े किचन और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।
मेन्यू में बिहार के पारंपरिक स्वाद के साथ देशी-विदेशी व्यंजनों का भी खास इंतजाम रहेगा। इसमें लिट्टी-चोखा, नालंदा का प्रसिद्ध 52 परतों वाला सिलाव खाजा, रसगुल्ला, देसी घी का मालपुआ और काजू कतली जैसे व्यंजन शामिल होंगे।
इसके अलावा पिज्जा, पास्ता, बर्गर, चाइनीज और कॉन्टिनेंटल डिशेज भी मेहमानों को परोसी जाएंगी। मिठाइयों और आइसक्रीम की भी कई वैरायटी उपलब्ध रहेंगी।
मटन, चिकन से लेकर कश्मीरी पुलाव तक का इंतजाम
शाही दावत के मेन्यू में मटन, चिकन और मछली के साथ पनीर की कई तरह की सब्जियां भी शामिल होंगी। इसके अलावा शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, जीरा फ्राई राइस, तंदूरी रोटी और नान जैसे व्यंजन परोसे जाएंगे।
मेहमानों के लिए चाट, गोलगप्पे, टिक्की, डोसा, चाउमीन, पास्ता और कुल्फी के दर्जनों लाइव काउंटर भी लगाए जाएंगे।
कुल मिलाकर, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। पांच हेलीपैड, विशाल थीम आधारित पंडाल और 150 तरह के पकवान इस शाही समारोह को लेकर लोगों के बीच खास चर्चा का विषय बने हुए हैं।

