
रांची: झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम ने सोमवार देर शाम रांची के पिठोरिया स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएट किया। इसी स्थान पर 6 नवंबर को निशा भगत ने फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।



सीबीआई ने मामले में नामजद आरोपी केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की से भी लंबी पूछताछ की। जांच एजेंसी की टीम सोमवार को अजय तिर्की के आवास पर पहुंची थी। यहां कई घंटे तक पूछताछ और जांच-पड़ताल के बाद टीम मंगलवार सुबह वहां से रवाना हुई।
ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर भी छापेमारी
सीबीआई की टीम ने सोमवार शाम इस मामले की दूसरी नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर भी छापेमारी की। करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा जांच अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
14 नवंबर को सीबीआई ने दर्ज की प्राथमिकी
निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई की नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध-1 शाखा ने 14 नवंबर को दोबारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली थी। एजेंसी ने आरसी0482026एस0007 के तहत मामला दर्ज किया है। यह प्राथमिकी रांची के पिठोरिया थाने में 7 नवंबर को दर्ज मूल प्राथमिकी संख्या 114/2026 के आधार पर दर्ज की गई है।
सीबीआई ने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप
गौरतलब है कि 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया क्षेत्र में निशा भगत की मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक फेसबुक लाइव किया था। इस दौरान उन्होंने जमीन माफिया, कुछ सरकारी अधिकारियों और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे।
निशा के पिता हांदू भगत की शिकायत और मामले को लेकर उठे सामाजिक एवं राजनीतिक सवालों के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी। राज्य सरकार की 10 नवंबर की अधिसूचना और केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की 14 नवंबर को मिली मंजूरी के बाद जांच सीबीआई को सौंप दी गई।
फिलहाल सीबीआई की टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के निरीक्षण, आरोपियों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के जरिए एजेंसी मौत के पीछे की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।

