
रांची: 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हस्तशिल्प की अनूठी पहचान पेश कर रहा है। झारखंड पवेलियन में माटी कला और टेराकोटा से बने हस्तनिर्मित उत्पाद लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां कारीगरों द्वारा मिट्टी से विभिन्न उपयोगी और सजावटी वस्तुएं तैयार करने का लाइव प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।



लाइव डेमो में दिख रही कारीगरों की हुनरकारी
झारखंड पवेलियन में पारंपरिक कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे आकर्षक उत्पाद तैयार कर रहे हैं। लाइव डेमो के जरिए आगंतुकों को मिट्टी से उत्पाद बनाने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।
इसकी खास बात यह है कि पर्यटक अपनी पसंद के उत्पादों को अपनी आंखों के सामने बनते हुए देख सकते हैं। इतना ही नहीं, वे खुद भी इस पारंपरिक कला का अनुभव लेते हुए अपने हाथों से मिट्टी के उत्पाद तैयार कर सकते हैं। मेले में तैयार उत्पादों को सीधे कारीगरों से खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है।
पारंपरिक माटी कला को संरक्षित करने की पहल
झारखंड सरकार की ओर से राज्य की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को संरक्षित करने के साथ स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। माटी कला बोर्ड की परिकल्पना के तहत पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों को नई पहचान देने, उनके कौशल को विकसित करने और उत्पादों में आधुनिक डिजाइन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके साथ ही कारीगरों को बेहतर बाजार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
राष्ट्रीय मंच पर चमक रही झारखंड की माटी कला
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की पारंपरिक माटी कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। यह आयोजन न केवल झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देशभर के लोगों तक पहुंचा रहा है, बल्कि स्थानीय कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जुड़ने का अवसर भी दे रहा है।
इस पहल से पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा मिलने के साथ कारीगरों के लिए नए बाजार और रोजगार के अवसर खुलने की उम्मीद है।

