
रांची। झारखंड की लगभग 43 हजार सहियाओं के लिए दुर्गा पूजा का यह त्योहारी सीजन खुशियों भरा रहने वाला है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को छह महीने की बकाया प्रोत्साहन राशि एक साथ उनके बैंक खातों में भेजने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने मंगलवार को 51.91 करोड़ रुपये की राशि सभी जिलों को हस्तांतरित कर दी है।
अपर मुख्य सचिव ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि पूजा अवकाश शुरू होने से पहले ही हर हाल में सहियाओं के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस वित्तीय निर्णय के तहत राज्य की प्रत्येक सहिया के खाते में अप्रैल से सितंबर माह तक की दो-दो हजार रुपये प्रति माह की दर से कुल 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी। त्योहारी सीजन में एकमुश्त इतनी बड़ी राशि मिलने से सहियाओं और उनके परिवारों में भारी उत्साह है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड की सहियाओं को पिछले कई महीनों (विशेषकर इस वित्तीय वर्ष की शुरुआत यानी अप्रैल 2026 से) से उनकी तय प्रोत्साहन राशि का नियमित भुगतान नहीं हो पा रहा था। इस कारण उनमें और जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों में असंतोष की स्थिति बन रही थी। लंबे समय से मानदेय या प्रोत्साहन राशि के अटकने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस बहुप्रतीक्षित भुगतान के होने से सहियाओं को बड़ी राहत मिली है।

