
तेहरान । ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने होर्मुज स्ट्रेट के हवाई क्षेत्र में मंगलवार को एक और एमक्यू-1 ड्रोन को मार गिराने का दावा किया। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि अमेरिकी ड्रोन को होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से के आसमान में देखा गया और फिर स्ट्रेट की एयरोस्पेस फोर्स की नई उन्नत वायु रक्षा प्रणाली ने उसे नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई ईरान के एकीकृत वायु रक्षा नेटवर्क की निगरानी और नियंत्रण में की गई। आईआरएनए के अनुसार, आईआरजीसी ने दावा किया कि ईरान के वायु रक्षा बल दुश्म ने हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। जब से अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया है, तब से अब तक ईरानी वायु रक्षा बलों ने दर्जनों लड़ाकू और जासूसी ड्रोन समेत कई अन्य दुश्मन विमानों को मार गिराया है।



आईआरजीसी ने कहा कि पिछले सप्ताह भी होर्मुज क्षेत्र के ऊपर ईरानी सेना की वायु रक्षा प्रणाली ने एक अमेरिकी एमक्यू-1 ड्रोन को मार गिराया था।
इस बीच, आईआरजीसी नौसेना कमान ने बताया कि “एल गैया नाम का एक विशाल तेल टैंकर प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह समुद्री बारूदी सुरंगों (नौसैनिक माइंस) से टकरा गया था। नौसेना के अनुसार, इस टक्कर के कारण जहाज में बड़ा विस्फोट हुआ और आग लग गई। आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार मंच सेपाह न्यूज में जारी बयान के अनुसार, ऑयल टैंकर में लगी आग को बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रयास सफल नहीं हुए और पूरा जहाज आग की लपटों में घिर गया। होर्मुज स्ट्रेट अभी बंद है और उस पर ईरानी नौसेना का नियंत्रण बना हुआ है।

