रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा है कि हेमंत सरकार ने बीते वर्षों में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं। एंबुलेंस सेवाओं के विस्तार और मरम्मत के लिए बजट आवंटित किया गया है। कुछ प्रक्रिया प्रगति पर है। लेकिन यह भी समझना होगा कि एक पुरानी और उपेक्षित व्यवस्था को दुरुस्त करने में थोड़ा वक्त लगता है। रिम्स पार्ट टू आज की जरूरत है। और आमजनों की सुविधाओं को देखते हुए सरकार ने इसे बनाने का निर्णय लिया है। इसपर सवाल उठाना सही नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रिम्स पार्ट-2 की योजना भविष्य की स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए बनाई जा रही। और यह किसी एक सेवा की अनदेखी नहीं, बल्कि सम्पूर्ण स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार का हिस्सा है। विकास की योजना बनाना और वर्तमान समस्याओं का समाधान साथ-साथ चल सकते हैं। ऐसे में यह कहना कि सरकार एंबुलेंस नहीं दे सकती लेकिन रिम्स-2 बना रही है, एक निराधार तर्क है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आधी-अधूरी जानकारी पर आधारित आरोप मढ़ती रही है। यह जनता को भ्रमित करने वाला एक राजनीतिक स्टंट है। भाजपा को अगर वाकई राज्य की जनता की चिंता है, तो उन्हें जमीनी स्तर पर हो रहे सुधारों को देखना चाहिए, न कि केवल त्रासदी को राजनीतिक हथियार बनाना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version