
पटना। बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है। उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को घोषणा की कि पर्यटकों को मात्र छह हजार रुपये में हेलीकॉप्टर के जरिए बिहार के पांच प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।



उन्होंने कहा कि सरकार अनुदान (Subsidy) देकर पर्यटकों को हेलीकॉप्टर से राजगीर, मुंडेश्वरी माता मंदिर, तुतला भवानी मंदिर, संबंधित क्षेत्र के जलप्रपातों और वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व एरिया की सुंदरता दिखाएगी। इसके लिए बकायदा बजटीय अनुदान का प्रावधान किया गया है।
सम्राट चौधरी पटना के मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन में ‘राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड’, हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 15 जुलाई से पटनावासियों को मात्र 2,100 रुपये में हेलीकॉप्टर से पटना शहर का हवाई भ्रमण कराया जाएगा।
उन्होंने केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ क्षेत्रीय कार्यालय का निरीक्षण किया और वहां लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा, “मैं बिहार की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष तौर पर बधाई और धन्यवाद देता हूं कि आज मुझे केंद्र सरकार की तीन-तीन योजनाओं का अलग-अलग जगहों पर शिलान्यास एवं उद्घाटन करने का मौका मिला है।”
उन्होंने आगे कहा, “गयाजी में टेक्नोलॉजी पार्क का शिलान्यास, भोजपुर में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास तथा मीठापुर (पटना) में एनएफडीबी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ है। मैं केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जी को भी धन्यवाद देता हूं, जो बिहार की आवाज बनकर लगातार राज्य का हक दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।”
बिना कांटे वाली मछली का होगा उत्पादन : उन्होंने अधिकारियों को बिहार में बिना कांटे वाली और उत्तम गुणवत्ता की मछली का उत्पादन करने के निर्देश दिए, ताकि इसे देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हाट’ के कॉन्सेप्ट पर दूध, सब्जी और मछली की एक साथ बिक्री की योजना पर काम करना होगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल सके।

