
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। ओरमांझी ब्लॉक चौक स्थित एक शराब दुकान में अचानक एक बंदरिया घुस गई। बंदरिया ने दुकान में रखी वाइन की एक बोतल उठा ली और अपने दांतों से उसका ढक्कन खोलकर शराब पीने लगी। कुछ देर बाद वह दुकान के अंदर ही बेसुध होकर लेट गई। इस घटना को देखकर दुकानदार समेत वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।



बोतल उठाकर खुद खोली और पीने लगी शराब
बताया गया कि शनिवार को शराब दुकान में सामान्य दिनों की तरह ग्राहकों की आवाजाही थी। इसी दौरान एक बंदरिया अचानक दुकान के भीतर पहुंच गई। इससे पहले कि कोई उसे बाहर भगाता, वह शराब की बोतलों के पास पहुंच गई और एक वाइन की बोतल उठा ली।
बंदरिया ने अपने दांतों से बोतल का ढक्कन और सील खोल दी। इसके बाद उसने बोतल को मुंह से लगाकर शराब पीनी शुरू कर दी। दुकान में मौजूद लोग कुछ देर तक यह पूरा नजारा देखते रह गए।
कुछ देर बाद दुकान में ही गिर पड़ी
शराब पीने के कुछ समय बाद बंदरिया का व्यवहार बदल गया और वह दुकान के फर्श पर निढाल होकर लेट गई। उसकी हालत देखकर लोगों ने उसे परेशान करने के बजाय वहीं छोड़ दिया। लोगों को आशंका थी कि होश में आने पर वह डर या गुस्से में आक्रामक हो सकती है।
इसलिए दुकानदार और आसपास के लोगों ने दूरी बनाए रखी और बंदरिया को शांत रहने दिया। बाद में नशा उतरने पर वह खुद उठी और दुकान से बाहर निकल गई।
स्थानीय लोगों ने बताया- गर्भवती थी बंदरिया
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदरिया गर्भवती थी और भोजन की तलाश में जंगल की ओर से भटककर दुकान तक पहुंच गई थी। घटना के बाद वह बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वहां से चली गई।
बंदरिया के शराब की बोतल खोलकर पीने और फिर दुकान में ही सो जाने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

