
रांची, एजेंसियां : झारखंड की लोहरदगा (एसटी) सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुखदेव भगत ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव संविधान की रक्षा की लड़ाई होगी।
कांग्रेस ने बुधवार रात झारखंड की दो अन्य सीट के साथ इस संसदीय क्षेत्र से भगत की उम्मीदवारी की घोषणा की। कांग्रेस ने बुधवार रात झारखंड की दो अन्य सीट के साथ इस संसदीय क्षेत्र से भगत की उम्मीदवारी की घोषणा की।
पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा, ‘यह (लोकसभा चुनाव) हमारे संविधान की रक्षा की लड़ाई है। मैं कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के लिए लड़ूंगा, जो देश में व्याप्त नफरत के बीच शांति और सद्भाव में विश्वास करती है।’’
भगत ने उनपर भरोसा जताने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित अन्य लोगों का आभार व्यक्त किया।
वर्ष 2019 के चुनाव में कांटे की टक्कर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुदर्शन भगत ने कांग्रेस उम्मीदवार सुखदेव भगत को 10,363 मतों के अंतर से हराया था।
भाजपा ने इस बार इस सीट से राज्यसभा सांसद समीर ओरांव को मैदान में उतारा है। उच्च सदन में उरांव का कार्यकाल तीन मई को खत्म हो रहा है।
कुल 14.27 लाख मतदाताओं वाले लोहरदगा (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र में 13 मई को मतदान होगा।
