
गिरिडीह में मॉब लिंचिंग की आशंका, 10-15 युवकों पर हमला करने का आरोप; कई हिरासत में
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात 24 वर्षीय ऋतिक यादव की कथित तौर पर भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। ऋतिक अपने दो दोस्तों के साथ गिरिडीह-डुमरी मार्ग स्थित बंदरकुप्पी में मैगी खाने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद करीब 10-15 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडे, फरसा व रड से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल ऋतिक को देर रात सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर का रहने वाला था।
झारखंड पुलिस में दारोगा हैं पिता
ऋतिक के पिता मुसाफिर सिंह यादव झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग सदर अस्पताल पहुंचे।
फोन पर कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले ऋतिक की कुछ लोगों से फोन पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद बंदरकुप्पी में कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने ऋतिक को घेरकर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जांच में पाल्मा और नावाडीह क्षेत्र के कुछ युवकों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस ऋतिक के मोबाइल की कॉल डिटेल और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। आरोपितों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

