रांची। रांची-टाटा एनएच पर बुंडू ओवरब्रिज के पास शनिवार रात एक बेकाबू ट्रक ने दो लोगों को रौंदा। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर ढाई घंटे तक चक्का जाम रखा। जमशेदपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े अमित साहू और उनके ड्राइवर दिलीप मुंडा को सीधी टक्कर मार दी। दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे से भड़के परिजनों और स्थानीय लोगों ने रात 9 बजे बुंडू टोल प्लाजा जाम कर दिया। प्रशासन के मुआवजे के भरोसे और डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद रात 11:30 बजे जाकर हाईवे पर आवागमन बहाल हुआ।

जानकारी के मुताबिक, बुंडू बाजार टांड़ निवासी अमित साहू अपने वाहन चालक दिलीप मुंडा (निवासी चुतरू गांव) के साथ ओवरब्रिज के किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान जमशेदपुर की तरफ से आ रहा अनियंत्रित ट्रक दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दिलीप मुंडा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल अमित साहू को आनन-फानन में बुंडू अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें रिम्स रांची रेफर किया। हालांकि, रास्ते में ही अमित ने दम तोड़ दिया।

टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन स्थानीय युवाओं ने पीछा कर उसे टोल प्लाजा के पास धर दबोचा। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। हालांकि, पुलिस मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि की बात कह रही है। मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण और मृतकों के परिजन बुंडू टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version