जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई डकैती की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे वारदात से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियारबंद अपराधियों के एक संगठित गिरोह ने बैंक में धावा बोलकर करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 20 किलो सोने के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए जांच तेज कर दी है। एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। टीम में पुलिस के अलग-अलग अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। विशेष टीम संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों और वारदात से पहले तथा बाद की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। जिले की सीमाओं के साथ प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और संदिग्धों से जुड़े पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अपराधियों को बैंक में मौजूद बड़ी रकम और सोने के आभूषणों की जानकारी कैसे मिली। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात से पहले अपराधियों ने बैंक की रेकी की थी या नहीं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version