रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए राज्य में इको टूरिज्म के विकास को प्राथमिकता बताया है। सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों एवं चालू वित्तीय वर्ष की कार्य योजना एवं प्राथमिकताओं पर काम तेज करने का निर्देश दया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के भीतर कई अंडरग्राउंड कोल माइंस क्षेत्र हैं। इन अंडरग्राउंड माइंस क्षेत्रों को चिह्नित कर टूरिज्म की संभावनाओं पर कार्य योजना बनाई जाए।

मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, हजारीबाग, रांची सहित अन्य जिले जहां-जहां इको टूरिज्म की संभावनाएं हैं, ऐसे जगहों को विकसित करने हेतु शीघ्र कार्य तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिए। इससे राज्य में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में इको टूरिज्म सर्किट विकसित कर पर्यटन को नई पहचान दिलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के भीतर प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं इको टूरिज्म स्थलों का योजनाबद्ध एवं समग्र विकास सुनिश्चित करें। इसके लिए राज्य की पर्यटन नीति तैयार करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पतरातू घाटी की सुंदरता देखने योग्य है।

पतरातू व्यू पाइंट बनाए जाने के साथ पतरातू सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर रोपवे स्थापित किए जाने का प्लान तैयार करें। लातेहार जिले में अवस्थित नेतरहाट में ग्लास वाच टावर अथवा ग्लास ब्रिज लगाए जाने की कार्य योजना बनाने का निर्देश भी उन्होंने दिया।

बनेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी: खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिस्पधार्ओं में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों द्वारा सब्जी बेचने या अन्य कोई कार्य करने संबंधी सूचना या शिकायत नहीं आनी चाहिए। ऐसे खिलाड़ियों का डेटाबेस तैयार करें तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने संबंधी योजनाएं तैयार करें। मुख्यमंत्री ने खेलगांव में स्थापित मेगा स्पोर्ट्स सेंटर के मेंटनेंस, वित्त प्रबंधन, खिलाड़ियों की मुलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। साथ ही इसमें शामिल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों आदि के लिए भी बेहतर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने झारखंड में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना हेतु क्या-क्या कार्य किया जा सकते हैं इसकी कार्य योजना भी तैयार करने का निर्देश दिया।

कलाकारों का डेटा बेस हो रहा तैयार : मुख्यमंत्री ने कला-संस्कृति विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलाकारों का डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया। विभाग द्वारा बताया गया कि राज्य में अबतक करीब 12 हजार कलाकारों का निबंधन हुआ है। मुख्यमंत्री ने सभी निबंधित कलाकारों की सूची जिलों में भेजकर उसका सत्यापन करने का निर्देश दिया।

बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक पर्यटन नमन प्रियेश लकड़ा, खेल निदेशक छवि रंजन सहित विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version