
रामगढ़। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार को मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर तीन जिलों की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। धनबाद, रांची और रामगढ़ पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह पर बड़ा प्रहार किया। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच आमने-सामने मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस को देख पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल : पुलिस के मुताबिक, हाल ही में जेल से बाहर आया प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य शिवराज उर्फ शिवा किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था। जैसे ही पुलिस टीम उसके करीब पहुंची, आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और सटीक निशाना लगाते हुए आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। घायल बदमाश को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल और फिर रांची रिम्स रेफर किया गया।
दो हथियार और कारतूस बरामद : रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि शिवराज पहले कुख्यात गैंग के लिए काम कर चुका था और अब प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य बन चुका था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो हथियार, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया।
शिवा का साथी भी हथियार के साथ गिरफ्तार : वहीं उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भी हथियार और कारतूस मिले हैं। धनबाद से लेकर रामगढ़ तक प्रिंस खान गैंग पर लगातार शिकंजा कस रहा है। सवाल अब यही है क्या यह कार्रवाई झारखंड में गैंग के नेटवर्क को तोड़ने की शुरुआत है? फिलहाल इतना तय है कि यह ऑपरेशन अपराधियों के लिए साफ संदेश है-गोली चलाओगे, तो कानून का जवाब मौके पर मिलेगा।