
रांची। राजधानी में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों, हास्टल और लाज के खिलाफ रांची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने 45 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर संचालन बंद करने और सभी आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित संस्थानों को सील किया जाएगा। इससे पहले निगम 10 संस्थानों का संचालन बंद करा चुका है। नगर निगम की ओर से झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।



नियमों के अनुसार कोचिंग संस्थानों, हास्टल और लाज के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस, हास्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) और स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य हैं।
निगम ने पूर्व में संबंधित संस्थानों को दस्तावेज प्रस्तुत करने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कई संस्थानों ने आवश्यक कागजात जमा नहीं किए। जिन संस्थानों ने जवाब दिया, उनका पक्ष भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद 10 संस्थानों का संचालन बंद कराया गया। अब 45 अन्य संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया गया है।
निगम की कार्रवाई में सबसे अधिक संस्थान लालपुर स्थित हरिओम टावर और ली डिजायर कांप्लेक्स के हैं। यहां फिटजी, न्यूटन ट्यूटोरियल्स, मेंटर एडुसर्व, बीआरडीएस, आइम एंट्रेंस इंस्टीट्यूट, ई-वर्ल्ड कंप्यूटर क्लासेज, जीएस नेक्सस, द साइंस एरा, करियर प्वाइंट, विनय आइएएस एकेडमी, पोद्दार कामर्स एकेडमी, केडी लाइब्रेरी, विजन आइएएस और सक्सेस हब सहित कई संस्थान संचालित हैं।
वहीं, ईस्ट जेल रोड के सक्सेस मंत्रा, द लर्नर्स हब, सार्थक लाइब्रेरी, लक्ष्य लाइब्रेरी, संजय मैथ्स, उड़ान आइएएस एकेडमी, ई. परिश्रम ट्यूटोरियल्स, इनसाइट लाइब्रेरी, प्रेरणा इंस्टीट्यूट, वीएमएस लाइब्रेरी, प्रसाद एंड विनायकम लाइब्रेरी, एक्सेलेंसी आइएएस, मेटा विजन एकेडमी और परफेक्ट ट्यूटोरियल को भी नोटिस दिया गया है। इसके अलावा थड़पखना के परीक्षा फाइटर, सर्कुलर रोड के भविष्य भारती, लालपुर की आरसी डिफेंस एकेडमी और ईस्ट जेल रोड की योद्धा डिफेंस एकेडमी भी कार्रवाई के दायरे में हैं।

