
पटना। जदयू प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि पापा (नीतीश कुमार) ने उन्हें समझाया कि राजनीति पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक परिवर्तन का जरिया है। नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभालते ही न्याय के साथ विकास और सुशासन को आधार बनाकर राज्य के नवनिर्माण की नींव रखी। निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार का मूल उद्देश्य कमजोर वर्गों का उत्थान और समावेशी विकास रहा है। सत्ता संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी। इससे राज्य में भयमुक्त वातावरण बनाने और समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम हुआ। उन्होंने कहा कि सुशासन की स्थापना के साथ ही सरकार ने सामाजिक न्याय और विकास को भी प्राथमिकता दी।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत तथा सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। आज बिहार में देश का सबसे बड़ा महिला पुलिस बल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर देकर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया गया।सड़क, बिजली और पर्यावरण के क्षेत्र में भी हुए काम : निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में सड़क निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए। इससे राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिली। वर्ष 2018 में बिहार शत-प्रतिशत विद्युतीकरण वाला राज्य घोषित हुआ। वहीं, जल-जीवन-हरियाली अभियान की सराहना संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंच पर भी हुई। नीतीश कुमार को क्लाइमेट लीडर के रूप में भी पहचान मिली।कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने की अपील : निशांत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उनके पास जनता को बताने के लिए नीतीश कुमार की अनगिनत उपलब्धियां हैं। सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और सरकार के कार्यों एवं उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराएं। साथ ही आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनें।




