
वाराणसी। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीप, घाटों की सीढ़ियों पर उतरता प्रकाश और आकाश में पूर्णिमा के चंद्रमा की धवल चांदनी। देवों की नगरी काशी में मंगलवार को आस्था और आध्यात्मिकता का ऐसा अद्भुत संगम साकार हुआ कि लगा, स्वर्ग स्वयं धरती पर उतर आया हो।




उत्तरवाहिनी जाह्नवी ने 21 लाख दीपों का स्वर्णिम चंद्रहार धारण किया तो उसके तट पर बसी सनातन संस्कृति की प्राचीन नगरी देवलोक-सी दमक उठी। भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले देव दीपावली के इस महापर्व की अलौकिक छटा निहारने देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे। घाटों से लेकर गंगा की लहरों पर सजे बजड़ों तक और उस पार रेती में भी हर ओर दीपों का उजास और हर-हर महादेव का उद्घोष गूंजता रहा।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सूर्यास्त के साथ नमो घाट पर दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। उधर, पंचगंगा घाट पर रामानंद संप्रदाय की शीर्ष आचार्यपीठ श्रीमठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशाचार्य के नामित उत्तराधिकारी स्वामी राघव दास महाराज ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा स्थापित हजारा दीप स्तंभ का विधिवत पूजन कर दीप प्रज्वलित किया।
