
रांची। बदलती जीवनशैली, खान-पान की आदतों में बदलाव और शारीरिक गतिविधियों में कमी के बीच फैटी लीवर तेजी से चिंता का विषय बन रहा है। खास बात यह है कि शुरूआती दौर में इस बीमारी के लक्षण अक्सर दिखाई नहीं देते। व्यक्ति सामान्य जीवन जीता रहता है और लिवर में वसा जमा होती रहती है। समय पर पहचान और सावधानी नहीं बरती गई तो यही स्थिति आगे चलकर लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। इसी चुनौती को देखते हुए रांची में देश का पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ह्यफैटी लीवर मुक्त रांचीह्ण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान की शुरूआत सितंबर के अंत तक होने की संभावना है। एक वर्ष में करीब 1.20 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। बुधवार को सदर अस्पताल में आयोजित प्रेस वार्ता में रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। अभियान का उद्देश्य केवल बीमारी की पहचान करना नहीं, बल्कि लोगों को इसके कारणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना भी है।



500 जगहों तक पहुंचेगी जांच की सुविधा : अभियान सदर अस्पताल रांची और नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट आफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज के सहयोग से चलाया जाएगा। डा. एसके सरीन के मार्गदर्शन में अत्याधुनिक जांच सुविधाओं से लैस चार विशेष मोबाइल चिकित्सा वाहन लगाए जाएंगे। दो वाहन रांची पहुंच चुके हैं, जबकि दो अन्य जल्द उपलब्ध होंगे। ये वाहन जिले के करीब 500 चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर लोगों की जांच करेंगे। आशा और एएनएम के माध्यम से प्रारंभिक स्तर पर लोगों की पहचान की जाएगी। एबीसीडी जोखिम स्कोर के माध्यम से अधिक जोखिम वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा। जरूरत के अनुसार उन्हें आगे की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए भेजा जाएगा। जिले के सभी प्रखंडों और अनुमंडलीय अस्पतालों में करीब 1000 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
1.10 करोड़ की मशीन, 40 हजार का वाहन : अभियान के लिए करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक जांच मशीन उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा करीब 40 हजार रुपये की लागत से एक वाहन उपलब्ध कराया गया है। सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि शुरूआती अवस्था में फैटी लीवर की पहचान होने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। पत्रकार वार्ता में सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. विमलेश सिंह और डीपीएम प्रवीण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे

