
पटना/रांची। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों और गांवों में सुबह से ही छठ घाटों, नदियों और तालाबों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना की।




उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूरा हुआ। इसके बाद उन्होंने छठी मैया को प्रसाद अर्पित कर पूजा संपन्न की और प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोला। छठ गीतों और भगवान सूर्य के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गया में हिंदू-मुस्लिम एकता की दिखी अनूठी मिसाल
गया जिले के सुदूरवर्ती डुमरिया प्रखंड के मैगरा गांव स्थित छठ घाट पर महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर छठ पर्व में सहभागिता निभाई और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। दोनों समुदायों के लोगों ने एक साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाट पर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।
जमशेदपुर में खरखाई नदी के तट पर उमड़ी भीड़
जमशेदपुर में छठ महापर्व के अंतिम दिन खरखाई नदी के किनारे सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में व्रतियों ने नदी के तट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अपना निर्जला व्रत पूरा किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में दिया अर्घ्य
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी छठ महापर्व के अंतिम दिन तारापुर में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहारवासियों सहित देशभर में छठ पर्व मना रहे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बिहार की सुख-समृद्धि और विकास की कामना करते हुए कहा कि छठी मैया सभी व्रतियों को उनके कठिन अनुष्ठान का आशीर्वाद प्रदान करें।
रांची के हटनिया तालाब पर महुआ माजी ने की पूजा
राजधानी रांची के हटनिया तालाब पर भी छठ महापर्व के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा किया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी छठ पूजा में शामिल हुईं।
वहीं, धनबाद के केंदुआडीह स्थित पांच नंबर घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। गौरतलब है कि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने महापर्व के तीसरे दिन हटनिया तालाब पर संध्या अर्घ्य के दौरान पूजा-अर्चना की थी।
नितिन नवीन ने पत्नी दीपमाला के साथ दिया उगते सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने आवास पर बनाए गए कृत्रिम तालाब में पत्नी दीपमाला के साथ पूजा के सभी अनुष्ठान पूरे किए। दोनों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया से देश और बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि भगवान भास्कर और छठी मैया के आशीर्वाद से चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने देश और बिहार के लोगों के कल्याण की प्रार्थना करते हुए कहा कि छठ महापर्व के माध्यम से स्वच्छता, शुद्धता, पवित्रता और अनुशासन का संदेश पूरे देश में पहुंच रहा है।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। बिहार और झारखंड के विभिन्न घाटों पर उमड़ी भीड़, लोकगीतों की गूंज और आपसी भाईचारे की तस्वीरों ने एक बार फिर छठ महापर्व की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को प्रदर्शित किया।

