
पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी में देशभर से कई राजनीतिक हस्तियों, फिल्मी सितारों और उनके परिजनों के शामिल होने की संभावना है। समारोह में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है, जबकि 12 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है।



इस शादी का सबसे बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी। अनंत सिंह खुद घुड़सवारी के शौकीन हैं और उनके पास कई बेहतरीन घोड़े हैं। शादी के अवसर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विदेशों से भी चर्चित घोड़ों के शामिल होने की संभावना है।
पहले स्थान पर आने वाले को मिलेगी थार
घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर अनंत सिंह ने बड़े इनाम की घोषणा की है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले घुड़सवार को थार गाड़ी दी जाएगी। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों के लिए भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
खुद मैदान में पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
रविवार को अनंत सिंह खुद घुड़दौड़ मैदान पहुंचे और वहां घोड़ों की प्रैक्टिस तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब दो घंटे तक मैदान में रहकर तैयारियों की जानकारी ली। उनका घुड़दौड़ मैदान आवास से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि वह लगभग हर दिन अपने काफिले के साथ मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
बाहरी घोड़ों के ठहरने के लिए बनाया गया विशेष घुड़साल
अनंत सिंह के मुताबिक, घुड़दौड़ प्रतियोगिता की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। छठ महापर्व के समाप्त होने के अगले दिन से प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बाहरी घोड़ों का पहुंचना शुरू हो जाएगा। फिलहाल उनके अपने घोड़ों को प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कराया जा रहा है। कुछ बाहरी घोड़े भी पहुंच चुके हैं।
दूसरे राज्यों से आने वाले घोड़ों के ठहरने और देखभाल के लिए अलग से घुड़साल तैयार कराया गया है। यहां उनके रहने और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
25 नवंबर को शादी के दिन होगा महामुकाबला
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को निर्धारित है। इसी दिन भव्य समारोह के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों से नामी घोड़ों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में शिवांगी की शादी में होने वाला यह घुड़दौड़ मुकाबला समारोह का मुख्य आकर्षण बनने जा रहा है।

