
पटना। मोकामा के विधायक और बिहार के चर्चित नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों सुर्खियों में है। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी अमेरिका से लौटे ऋषिकेश कुमार के साथ होने वाली है। शादी को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। 20 नवंबर को तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी बीच अनंत सिंह की अपनी प्रेम कहानी भी चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने खुद अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ प्रेम और शादी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है।



कॉलेज में पहली बार देखा था नीलम देवी को
एक महिला पत्रकार से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने बताया कि उनकी नीलम देवी से पहली मुलाकात कॉलेज में हुई थी। उस समय वे किसी व्यक्ति को परीक्षा दिलाने के लिए कॉलेज गए थे, जबकि नीलम देवी वहां खुद परीक्षा देने पहुंची थीं। इसी दौरान अनंत सिंह ने पहली बार उन्हें देखा और पसंद करने लगे।
जब पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या उनकी लव मैरिज हुई थी, तो अनंत सिंह ने बेझिझक स्वीकार किया कि उनकी शादी प्रेम विवाह थी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में नीलम देवी को देखने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया।
न प्रपोज किया, न परिवार से मांगी इजाजत, सीधे कर ली शादी
अपनी प्रेम कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा बताते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने नीलम देवी से शादी करने के लिए न तो औपचारिक रूप से प्रपोज किया और न ही किसी से इसकी बात करने गए। उन्होंने बताया कि वे नीलम देवी को अपने साथ ले गए और कोलकाता के एक काली मंदिर में दोनों ने शादी कर ली।
अनंत सिंह के इस खुलासे के बाद उनकी प्रेम कहानी की चर्चा तेज हो गई है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच उनकी अपनी शादी का यह किस्सा लोगों के बीच खासा दिलचस्पी पैदा कर रहा है।
खान-पान को लेकर भी पत्रकार ने पूछा सवाल
बातचीत के दौरान महिला पत्रकार ने अनंत सिंह से यह भी पूछा कि क्या नीलम देवी उनके खाने-पीने को लेकर टोका-टाकी करती हैं? इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने बताया कि घर में दोनों के लिए खाना नौकर ही परोसते हैं और जो खाना बन जाता है, वही खा लेते हैं।
फिलहाल शिवांगी सिंह की शादी को लेकर नदवां गांव में तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं, अनंत सिंह की कॉलेज के दिनों से शुरू हुई प्रेम कहानी भी इस शादी के बीच चर्चा का एक नया विषय बन गई है।

