
पटना। बिहार और झारखंड में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया। पटना से लेकर रोहतास, पूर्णिया और देवघर तक विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।



इस अवसर पर पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी पत्नी दीपमाला के साथ छठ पूजा के सभी अनुष्ठान पूरे किए। पूजा संपन्न होने के बाद उन्होंने अपने आवास पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य से देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
नितिन नवीन ने कहा कि वे भगवान भास्कर और छठी मैया से देश के सभी लोगों और बिहार की जनता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, शुद्धता, पवित्रता और समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को भी सहेज रहा है। उन्होंने कामना की कि बिहार का यह महान पर्व हर साल इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया जाता रहे तथा इसकी पवित्रता, स्वच्छता और अनुशासन की परंपरा कायम रहे।
वहीं, नितिन नवीन की पत्नी दीपमाला ने छठी मैया से पूजा के दौरान हुई किसी भी भूल के लिए क्षमा मांगी। उन्होंने सभी के सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि छठी मैया सभी को सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दें।
रोहतास में उपेंद्र कुशवाहा ने की व्यवस्थाओं की सराहना
रोहतास में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और मंत्री दीपक प्रकाश ने भी छठ महापर्व के अंतिम दिन पूजा के सभी अनुष्ठान पूरे किए। इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने छठ पूजा सेवा समिति, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्र के लोगों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि छठ घाट पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में प्रशासन, स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों ने जनसहयोग से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए उम्मीद जाहिर की कि भविष्य में भी इसी तरह श्रद्धा और सहयोग का माहौल बना रहेगा।
शिवाजी पार्क में कृत्रिम तालाब की व्यवस्था बनी आकर्षण
इधर, पटना में भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने शिवाजी पार्क में छठ पूजा की व्यवस्थाओं पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इसी पार्क से कंकड़बाग और दक्षिण पटना के अन्य पार्कों में कृत्रिम तालाब बनाकर अर्घ्य देने की परंपरा को बढ़ावा मिला था। आज यह व्यवस्था काफी बड़े स्तर पर पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि गंगा नदी की दूरी बढ़ने के कारण शहर के लोगों को छठ पूजा करने में परेशानी होती थी। ऐसे में पार्कों में कृत्रिम तालाब की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है। साथ ही, लोगों को सामूहिक रूप से पर्व मनाने का अवसर भी मिलता है।
संजय गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें पूरा समाज स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना के साथ एकजुट होता है।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। इसके साथ ही बिहार और झारखंड में छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच लोक आस्था के इस महान पर्व का विधिवत समापन हो गया।

