
आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार की सुबह गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम और एक आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक दिन पहले पुलिस पर पिस्टल तानने के आरोपित द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें भरत तिवारी घायल हो गया।



रिटायर्ड चालक सिपाही का पुत्र है भरत
घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके पास से पिस्टल भी बरामद की गई है। वह काशी नाथ तिवारी का पुत्र बताया जाता है। उसके पिता चालक सिपाही के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। जानकारी के अनुसार, एक दिन पूर्व पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानने के वायरल वीडियो मामले में आरोपित भरत तिवारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बुधवार सुबह बिलौटी गांव पहुंची थी।
पुलिस को देखते ही आरोपित ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।बताया जा रहा है कि पुलिस ने गांव को चारों ओर से घेर रखा था।
फेसबुक पर लाइव वीडियो भी बना रहा था आरोपित : फायरिंग करते हुए आरोपित गांव के दक्षिणी इलाके की ओर भाग रहा था। इसी दौरान वह फेसबुक पर लाइव वीडियो भी बना रहा था। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। सूत्रों के अनुसार, भरत तिवारी को पैर और जांघ में दो गोलियां लगी हैं। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पहले शाहपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपित के पास मौजूद पिस्टल भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। भोजपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

