
नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही भारतीय महिला टीम ने हांगझोऊ 2023 में जीते अपने खिताब को भी बरकरार रखा।



आखिरी मिनट तक रोमांचक रहा मुकाबला
भारत और ईरान के बीच फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच लगातार कड़ी टक्कर देखने को मिली। मुकाबले के अंतिम मिनट में ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने दबाव बनाए रखा। निर्णायक समय में आयनाज पर किए गए महत्वपूर्ण टैकल ने भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। भारत ने 37-34 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली संजू देवी ने फाइनल में भी अहम भूमिका निभाई। भारतीय महिला कबड्डी टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगटे, पुष्पा, भावना देवी, रितु, संजू देवी, रितु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल थीं।
पुरुष टीम भी खिताब बचाने उतरेगी
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का फाइनल मुकाबला भी शनिवार को ईरान के खिलाफ होना है। पुरुष टीम मौजूदा चैंपियन है और वह ईरान को हराकर अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
एथलेटिक्स और शूटिंग में भी भारत को पदक
एशियन गेम्स में शनिवार का दिन भारतीय दल के लिए पदकों से भरा रहा। सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के नेशनल रिकॉर्ड समय के साथ रजत पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स की मैराथन में भारत के पदक का 44 साल लंबा इंतजार समाप्त किया।
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदरसा विनोद की टीम ने रजत पदक हासिल किया।
वहीं, स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने सेमीफाइनल में हांगकांग की जोड़ी टैंग मिंग होंग और ली का यी से हारने के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया।

