
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात हेसला-कपसा मोड़ के पास सर्विस रोड पर हुई। मृतक की पहचान हेसला निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हत्यारों की गिरफ्तारी और मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।



जानकारी के अनुसार, मिथिलेश यादव हेसला में वाहनों की धुलाई और सर्विसिंग से संबंधित वर्कशॉप चलाता था। शुक्रवार सुबह वह हेसला-कपसा मोड़ के पास सर्विस रोड पर मौजूद था। इसी दौरान वहां पहुंचे अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।
हत्या के विरोध में सड़क जाम
हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, हत्या के कारणों का खुलासा और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक विनोद सिंह, डीएसपी धनंजय राम और पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

