
रामगढ़। जिले में रात के समय सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों और मालवाहक वाहनों को खड़ा करना वाहन चालकों को भारी पड़ गया। सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए डीसी ऋतुराज के निर्देश पर डीटीओ ने विशेष औचक जांच अभियान चलाया। डीटीओ राजेश एक्का के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम की ओर से एनएच-33 अंतर्गत चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर औचक जांच की गई। इस दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।



अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों एवं निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जांच अभियान के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई। इनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 2,42,500 का जुर्माना लगाया गया।
डीटीओ राजेश एक्का ने वाहन चालकों और वाहन मालिकों से अपील करते हुए कहा कि रात्रि के समय मुख्य सड़क या सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों को खड़ा न करें। सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से वाहनों की पार्किंग से सड़क पर आवागमन बाधित होने के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को समय पर वाहन दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।

