
सिवान/वैशाली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के सिवान विधानसभा क्षेत्र में भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि बिहार में किसी भी हाल में खानदानी माफिया और माफियाराज की वापसी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौसम की प्रतिकूलता, लगातार बारिश के बावजूद सभा में उमड़ी भीड़ और उत्साह को देखते हुए उन्होंने उपस्थित जनसमूह का हृदय से अभिनंदन किया और कहा कि सिवान की धरती पर फिर से भय और दहशत की सत्ता नहीं बैठने देंगे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार में चंद्रगुप्त और चाणक्य के समय जैसा वैभव वापस लाएगी, बिहार को फिर से स्वर्णयुग की ओर ले जाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नालंदा विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने वालों के वंशज आज राजनीतिक इस्लाम की मंशा लेकर विकास को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने बिहार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश में भी जनता के उत्साह का आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मैं परसों रघुनाथपुर में आया था, क्योंकि एक खानदानी माफिया वहां पर फिर से कब्जा करना चाहता है। यूपी में हमने बुलडोजर से रौंद रौंद कर ऐसे माफियाओं का कचूमर निकाल करके यूपी की धरती से जहन्नुम के रास्ते खोल दिये हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सीता मइया की धरती पर कोई मारीच और सुबाहू फिर से सिर न उठा सकेगा। उन्होंने कहा कि रघुनाथपुर की सभा में भारी बारिश के बावजूद युवाओं, माताओं के उत्साह को देखकर लगा कि सिवान में बड़ा सैलाब आने वाला है। योगी ने कहा कि बिहार के नौजवान देश और दुनिया में जहां कहीं गया है उसकी बुद्धी और मेधा का लोहा सबने माना है। अब समय आ गया है, पिछले 20 साल में नीतीश बाबू के नेतृत्व में सुशासन की जो नींव मजबूत हुई है। उसपर बिहार की मेधा के बल पर सुदृढ़ भवन का निर्माण करना है।
राहुल गांधी जहां जाते हैं, वहां एनडीए की जीत पक्की : राहुल गांधी जहां भी प्रचार करने जाते, वहां एनडीए की जीत पक्की हो जाती है। वैशाली जिले के लालगंज में चुनावी सभा में उत्तप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के साथ राजद पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बिहार की क्या स्थिति थी यह आप सभी जानते हैं। व्यापारी, कारोबारियों की हत्या होती थी। तब बिहार की स्थिति देख कर लगता था की ऐसे ही रहा तो फिर कैसे काम चलेगा। उन्होंने कहा कि याद करिए अच्छी सरकार आती है, तो विकास होता है।योगी ने कहा कि अब नया भारत दिखता है। नया भारत विकास करता है। गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए। भारत अकेला देश है जो हर गरीब को छत प्रदान कर रहा है।
योगी ने कि आज मैं आपके पास आया हूं। लालगंज से संजय सिंह को आशीर्वाद दें। सभा के दौरान पड़ती फुहार पर उन्होंने कहा कि कीचड़ में आपलोग कमल खिलाएंगे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार भारत माता के महान सपूतों की धरती है जिसने भारत के संविधान सभा के अध्यक्ष भारत के प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र बाबू को जन्म दिया। जग जीवन राम को जन्म दिया। बिहार की धरती ने ही ज्ञान प्रदान कर सिद्धार्थ को महात्?मा बुद्ध बनाया। एनडीए के प्रत्याशी के पक्ष में आपके आवाहन करने के लिए मुझे आना पड़ा। गोरखपुर में मुझे बताया गया कि कार्यक्रम होना असंभव है क्योंकि पानी लगा हुआ है। फिर भी आपको आना है और जनता जनार्दन का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी और एनडीए प्रत्याशी संजय कुमार सिंह को दिलवाना है।
