
जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के रियासी में रेलवे के लिए दुनिया के सबसे ऊंचे पुल को बनाने का काम लगभग पूरा हो गया है। इसके निरीक्षण के लिए पहुंचे रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुल का जायजा लिया। दुनिया के सबसे ऊंचे पुल पर आज ट्रायल ट्रेन चलाई गई।
उत्तरी रेलवे इस पुल पर ट्रेन सेवाएं शुरू करने की तैयारी में हैं। यह पुल संगलदान को रामवन जिले से जोड़ता है। रेलवे के एक इंजीनियर दीपक कुमार ने बताया की पुल पर ट्रेन सर्विस बहुत जल्दी शुरू हो जाएंगी। कुमार ने कहा कि आज हम बहुत खुश हैं कि हम सफल रहे। इंजीनियर और लेबर सभी ने बहुत मेहनत की है, तब जा कर यह काम पूरा हो पाया है।
आज के समय में ट्रेनें कन्याकुमारी से कटरा तक एक लाइन पर चलती हैं, जबकि बारामुला से कश्मीर घाटी में संगलदान तक चलती हैं। उधमपुरा श्रीनगर बारामूला रेल लिंक परियोजना इस साल के अंत तक पूरी हो जाएगी। इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 20 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था इस प्रोजेक्ट में 48.1 किमी का बनिहाल-संगलदोन की रेल लाइन भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट का पहला चरण जिसमें 118 किमी का काजीगुंज- बारामूला वाला सेक्शन शामिल था।
चिनाब रेलवे पुल चिनाब नदी से करीब 359मीटर(1178 फीट) ऊपर है। यह एफिल टॉवर से करीब 35 मीटर ज्यादा ऊंचा है। 1,315 मीटर लंबा यह पुल बार्डर प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका मुख्य लक्ष्य कश्मीर घाटी में भारतीय रेलवे की पहुंच को बढ़ाना है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करके बताया कि चिनाब ब्रिज पर आज ट्रायल ट्रेन सफलता पूर्वक चलाई गई। यह पुल जल्दी ही देश की सेवा में सौंप दिया जाएगा। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है बस टनल-1 का काम आंशिक रूप से बाकी है।
