
बेंगलुरु। बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या थाना क्षेत्र के कोट्टिगेपल्या में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 34 वर्षीय एक युवक ने अपनी मां, नानी और मामा की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।मृतकों की पहचान आरोपी की मां मंगलाम्मा, नानी नंजम्मा और मामा सतीश के रूप में हुई है, जबकि आरोपित की पहचान प्रशांत के रूप में की गई है। घटना शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे उस समय हुई, जब परिवार के मुखिया चिक्कण्णा रोज की तरह काम पर जा चुके थे। घर में उस समय प्रशांत समेत चार अन्य सदस्य मौजूद थे।पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्रशांत ने सबसे पहले अपने मामा सतीश पर धारदार हथियार से हमला किया। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचीं उसकी मां मंगलाम्मा और नानी नंजम्मा पर भी उसने ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद प्रशांत ने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कामाक्षीपाल्या थाना पुलिस तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
