
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन के दौरान अवैध कब्जे और धमकी से जुड़े कई मामले मुख्यमंत्री के समक्ष आए। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अवैध कब्जे का विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे और आपराधिक मामलों की विवेचना में तेजी लाई जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिले।
कार्यक्रम में गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर दी है। इस पर मुख्यमंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि जांच में बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर भी जनता दर्शन कार्यक्रम की तस्वीरें साझा की गईं। पोस्ट में कहा गया कि लोककल्याण के संकल्प के साथ नया उत्तर प्रदेश सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

