नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि चोरी करना इनका पुश्तैनी धंधा है। इन्होंने गुजराती गांधी जी का सरनेम चुरा लिया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का राज्यसभा में जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मेरा देश पूरा सामर्थ्य दिखा रहा है। यह तब होता है जब आपके पास आर्थिक सामर्थ्य हो, आपके नागरिकों में देश के प्रति ऊर्जा हो, और खासकर मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम हो, तभी विश्व आपके साथ डील करने के लिए आगे आता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति में डूबे हुए लोगों ने कभी भी देश के ऐसे अनेक पहलुओं को मजबूती देना प्राथमिकता नहीं समझा। जहां तक कांग्रेस पार्टी का सवाल है, मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं कि न तो उनके पास कोई सोच थी, न कोई विजन और न ही कोई इच्छाशक्ति थी।

व्यापार समझौतों से युवाओं को बहुत लाभ होगा : पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में हुए व्यापार समझौतों से हमारे युवाओं को बहुत लाभ होगा। इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवा, साथ ही मध्यम वर्ग के युवा भी शामिल हैं, हमारे बेटे और बेटियां। वैश्विक बाजार अब उनके लिए खुल चुका है, और नए अवसर उनका इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने युवाओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं, और दुनिया आपकी प्रतिभाओं और महत्वाकांक्षाओं का स्वागत करने के लिए तैयार है।

कांग्रेस की गलतियों को ठीक करने काफी शक्ति लगी : पीएम मोदी ने कहा कि हमारी काफी शक्ति उनकी (कांग्रेस) गलतियों को ठीक करने में जा रही है। दुनिया के मन में जो उनके समय की छवि है, उस छवि को धोने में लगी हुई है, क्योंकि उन्होंने देश को उसी हालत में छोड़ दिया था। और इसी काम के लिए हमने फ्यूचर-रेडी पॉलिसी पर बल दिया है। आज आपने देखा होगा कि देश नीति के आधार पर चल रहा है। उसी कारण आज विश्व में देश पर विश्वास बन रहा है। आज देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हो चुका है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version