
नई दिल्ली। भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत और मध्य भारत को दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने कहा कि मानसून अगले 3 से 4 दिनों के दौरान ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के बिहार और झारखंड में 16-18 जून तक, उत्तर प्रदेश में 20-30 जून तक और दिल्ली में 27 जून के आसपास पहुंचने की उम्मीद है, जो राष्ट्रीय राजधानी के लिए सामान्य शुरूआत की तारीख है।
देश के उत्तरी इलाकों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी भीषण गर्मी जारी है। पश्चिमी झारखंड, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तर प्रदेश के कानपुर में सबसे अधिक 47.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में मानसून कमजोर है और इसके वहां से आगे बढ़ने का इंतजार है।
पूर्व अर्थ साइंस सचिव माधवन राजीवन ने कहा कि सामान्य प्रगति के बाद मानसून का क्रम भंग हो रहा है। राजीवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अगले 8-10 दिनों में बहुत ज्यादा प्रगति की उम्मीद नहीं है, इसलिए उत्तर भारत में इसकी शुरूआत में देरी हो सकती है।
देश के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम से आने वाली गर्म हवाएं बंगाल की खाड़ी के ऊपर कमजोर मानसून पर हावी हो रही हैं। मध्य और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में गर्म मौसम की स्थिति को बढ़ा रही हैं।
