रांची। झारखंड के धनबाद में अवैध कोयला खनन, तस्करी और कथित लेवी वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच तेज कर दी है। एजेंसी ने चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इनमें एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, उनके भाई विश्वविजय सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह समेत पांच लोग शामिल हैं।

ईडी ने आरती सिंह को 20 अगस्त को क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। वहीं, विश्वविजय सिंह को 14 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 17 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अनिल गोयल से जुड़े शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह को भी अगले सप्ताह पेश होने का समन दिया गया है।

31 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

ईडी की यह कार्रवाई 28 जुलाई को धनबाद और आसपास के इलाकों में की गई व्यापक तलाशी के बाद सामने आई है। उस दौरान एजेंसी ने एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनसे जुड़े लोगों के परिसरों समेत कुल 31 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

तलाशी के दौरान एलबी सिंह से जुड़े करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया गया था। इसके अलावा करीब 1.02 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी, डिजिटल उपकरण और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए थे।

200 से अधिक संपत्तियों के दस्तावेज मिले

ईडी के अनुसार, तलाशी के दौरान 200 से अधिक चल-अचल संपत्तियों से संबंधित सेल डीड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। एजेंसी इन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

जांच एजेंसी को आशंका है कि अवैध कोयला कारोबार से अर्जित रकम का इस्तेमाल चल-अचल संपत्तियां खरीदने और विभिन्न निवेशों में किया गया। कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन को अलग-अलग वित्तीय लेन-देन और संस्थाओं के माध्यम से वैध बनाने का प्रयास भी किया गया।

प्राथमिकी और चार्जशीट के आधार पर जांच

ईडी की जांच झारखंड पुलिस की ओर से दर्ज कई प्राथमिकी और आरोपपत्रों के आधार पर आगे बढ़ रही है। इन मामलों में धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी तथा कोयला लोडिंग के नाम पर रंगदारी और कथित अवैध लेवी वसूली के आरोप लगाए गए हैं।

इस मामले में ईडी नवंबर 2025 में भी संबंधित लोगों के ठिकानों पर तलाशी ले चुकी है। 28 जुलाई की कार्रवाई के बाद अब परिवार और कारोबारी नेटवर्क से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जाना जांच के अगले चरण के रूप में देखा जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version