रांची। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र-अभ्यर्थियों से मिलने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों और अब तक चले आंदोलन की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए छात्रों की मांगों पर एक सप्ताह में सकारात्मक निर्णय लेने का समय दिया।रघुवर दास ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सरकार छात्रों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो वह स्वयं आंदोलन में उतरेंगे। उन्होंने घोषणा की कि एक सप्ताह बाद बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेकर सरकार को उचित समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनकी समस्याओं का समाधान करे। विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने की जरूरत है। रघुवर दास ने आंदोलनकारी छात्रों से कहा कि उनके भविष्य और अधिकार से जुड़े इस संघर्ष को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनके एक सप्ताह के अल्टीमेटम और इसके बाद अनशन की घोषणा से छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version