रांची: झारखंड की राजधानी रांची के दशम फॉल क्षेत्र में दिनदहाड़े रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सूर्य मंदिर के पास मामूली वाहन टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने तीन युवतियों की कार का कई किलोमीटर तक पीछा किया। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने रास्ता रोकने, ओवरटेक करने और डराने-धमकाने की कोशिश की। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।पीड़ित युवतियों के अनुसार, सूर्य मंदिर के पास उनकी कार और स्कॉर्पियो के बीच हल्की टक्कर हुई थी।

https://newsmaati.com/wp-content/uploads/2026/07/1000214710.mp4

विवाद बढ़ता देख उन्होंने माफी मांगकर वहां से निकलना उचित समझा, लेकिन स्कॉर्पियो सवार युवक लगातार उनका पीछा करते रहे। जान बचाने के लिए चालक को कुछ दूरी तक रॉन्ग साइड में भी वाहन चलाना पड़ा, फिर भी पीछा नहीं रुका।युवतियों ने बताया कि दोपहर करीब 12:33 बजे उन्होंने आपातकालीन नंबर 100 पर कॉल कर पुलिस को घटना और स्कॉर्पियो का नंबर बताया।

आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही 12:48 बजे दशम फॉल के पास आरोपियों ने उनकी कार को घेर लिया। उन्होंने जबरन कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया और असफल होने पर पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। इस हमले में चालक रणवीर सिंह घायल हो गए।घटना के दौरान कार में मौजूद तीनों युवतियां लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।इस मामले में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता की स्थिति है। उन्होंने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।इधर, पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version