लोहरदगा। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड की सेवा बहाल कर दी गई है। चार जनवरी से बंद पड़ी रेल सेवा को पुन: शुरू करने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। लोहरदगा जिले के भक्सो कोयल नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज संख्या 115 पर टावर कार और मल्टी इंजन का सफल ट्रायल किया गया। ट्रायल सफल होने के बाद रात में मालगाड़ी का परिचालन शुरू कर दिया गया। साथ ही शनिवार से रांची-लोहरदगा मेमू पैसेंजर ट्रेन सहित एक्सप्रेस ट्रेनों का भी परिचालन किया जाएगा।

रांची-नई दिल्ली राजधानी ट्रेन भी अब इसी रेलखंड से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रायल के दौरान रांची रेल मंडल के सीनियर डीईएन सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ब्रिज की मरम्मत का कार्य अब पूर्ण हो चुका है। जनवरी में ब्रिज संख्या 115 के पिलरों में दरार आने के बाद इरगांव और लोहरदगा के बीच रेल परिचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद रेलवे के महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने कई बार स्थल का निरीक्षण किया था।

मरम्मत के तहत जर्जर हिस्से को हटाकर पिलर चार और छह के बीच में 26.8 मीटर लंबा आरएच गर्डर स्थापित किया गया। इस कार्य के पूरा होने के बाद ट्रायल सफल रहा। रेलखंड बंद रहने के दौरान 12454 नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस को टोरी-लोहरदगा-रांची के स्थान पर टोरी-बरकाकाना-मेसरा-टाटीसिलवे-रांची मार्ग से चलाया जा रहा था।

वहीं 12453 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 18631/18632 रांची-चोपन एक्सप्रेस, 18635/18636 रांचीझ्रसासाराम एक्सप्रेस तथा 08611 सांतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस को भी परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जा रहा था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version